देशभक्ति / सुविचार / प्रेम / प्रेरक / माँ / स्त्री / जीवन

आई होली आई (कविता)

राग है, रंग है, बज रहा मृदंग है,
उल्लास है, उमंग है, मच रहा हुड़दंग है।
अलमस्त मौसम ने है ली अँगड़ाई,
ख़ुशियों के रंग लिए आई होली आई।

मस्ती है, धमाल है, त्योहार यह कमाल है,
धरती से अंबर तक उड़ता गुलाल है।
सृष्टि में है चारों ओर छाई तरुणाई,
ख़ुशियों के रंग लिए आई होली आई।

आज कोई राँझा, तो कोई बना हीर है,
मुस्कराते गालों पर खिलता अबीर है।
प्रेयसी अपने प्रियतम से मिलने को ललचाई,
ख़ुशियों के रंग लिए आई होली आई।

न किसी से झगड़ा, न किसी से द्वेष है,
सब एक जैसे, न आज कोई विशेष है।
फागुनी बयार स्नेह संदेशा ले के आई,
ख़ुशियों के रंग लिए आई होली आई।

सबसे मिलने-मिलाने का अच्छा बहाना है,
भेदभाव भूल सबको गले से लगाना है।
मस्ती में घुल रहा भाँग और ठंडाई,
ख़ुशियों के रंग लिए आई होली आई।


रचनाकार : ब्रजेश कुमार
लेखन तिथि : मार्च, 2022
            

रचनाएँ खोजें

रचनाएँ खोजने के लिए नीचे दी गई बॉक्स में हिन्दी में लिखें और "खोजें" बटन पर क्लिक करें