देशभक्ति / सुविचार / प्रेम / प्रेरक / माँ / स्त्री / जीवन

एहसास (कहानी)

मल्होत्रा परिवार की लाडली पद्मिनी उर्फ़ पम्मी ख़ुश-मिज़ाज लड़की थी। सुंदरता ऐसी की चाँद भी शरमा जाए। गोल मटोल मासूम सा चेहरा। आँखों से जैसे नूर टपकता रहता हो। पद्मिनी को अपने परिवार से गहरा लगाव था। वह अपने मम्मी-पापा को दिल-ओ-जान से चाहती थी। उनसे जुदा होने के बारे में उसने कभी सोचा भी नहीं था और ना ही कभी सोच सकती थी।

लेकिन जैसा हर लड़की के साथ होता है, उसके जीवन में भी वह पल आ गया जब घर में शादी के चर्चे चलने लगी। एक शाम को उसकी मम्मी उसके कमरे में पहुँची और उसे पास बिठाकर प्यार से सर सहलाते हुए बोलने लगी "मेरी लाडली पम्मी! आज तेरे पापा कह रहे थे कि एक बहुत अच्छा लड़का है। तेरी ही तरह शिमला में बैंक में जॉब करता है। लड़के की तस्वीर आई है, लो देख लो।" यह सुनते ही पम्मी अवाक् रह गई। उसके दिल में माँ-पापा के लिए चिंता के बादल उमड़ने लगे। पम्मी बोली "नहीं माँ, मुझे शादी नहीं करनी। मुझे आप लोग को छोड़कर कहीं नहीं जाना।" अकेली संतान थी वह। सोचने लगी मैं चली जाऊँगी तो माँ-पापा का क्या होगा?

इधर उसके माँ-पापा सोच रहे थे कि बेटी तो पराया धन है। उसे डोली में बिठाकर ही उन्हें शांति मिल सकती है। एक दूसरे के लिए एहसासों ने सब को बेचैन कर रखा था। कुछ देर बाद फिर माँ बोली "एक बार देख तो लो पम्मी, शिमला में ये बैंक मैनेजर है। एक साथ हँसी-ख़ुशी रह सकती हो।" पम्मी ने बिल्कुल शांति के साथ प्यार से जवाब दिया "माँ! ऐसी शादी का क्या जो मुझे आप लोगों से दूर कर दे और जो मिले वह जाने कैसा होगा। आख़िरकार पम्मी की ज़िद के आगे सभी को झुकना पड़ा।

उधर आदित्य के परिवार वाले भी इस बात को लेकर परेशान थे कि फ़ोटो तो भेज दिया लेकिन आदित्य मानेगा कि नहीं। दरअसल वह भी पम्मी की तरह ही सोच रखता था कि शादी हो जाएगी तो मैं कहीं माँ-पापा से दूर तो नहीं हो जाऊँगा।

उसी रात आदित्य की माँ सरला भी उसकी शादी का प्रस्ताव लेकर उसके पास गई और बोली "बेटा तेरी उम्र हो गई है। अब तो शादी कर ले। आख़िर एक न एक दिन तो सबको शादी करनी ही पड़ती है। देख ले, अच्छी भली लड़की है और सबसे अच्छी बात तो यह है कि शिमला में ही बैंक में जॉब करती है। तेरे लिए बहुत पर्फेक्ट है बेटा।" आदित्य शांत मिज़ाज का हँसमुख लड़का था। बहुत कम बोलता था। बस मुस्कुरा कर बात को टाल दिया और फ़ोटो लेकर टेबल पर रख दिया, देखा तक नहीं। फिर छत पर जाकर टहलने लगा।

दो दिन की छुट्टी के बाद पद्मिनी शिमला जाने के लिए ट्रेन पकड़ने स्टेशन पहुँच गई। ट्रेन आते ही अपना स्लीपर क्लास खोजते हुए जब अपनी सीट पर पहुँची तो देखी कि वहाँ एक सुंदर सजीला नौजवान किताबों में डूबा हुआ है। चेहरे पर हल्की सी मुस्कान है। स्वभाव से मृदुल लग रहा था। देख कर उसे आश्चर्य हुआ कि आज के ज़माने में किताबों में डूबा हुआ यह लड़का कितना अलग है सब से।

उसकी सीट सामने थी। बैग ऊपर रख कर वह अपनी सीट पर बैठ गई। पद्मिनी को उस लड़के की सादगी बहुत पसंद आई थी। वह उस लड़के से बात करने को आतुर हो उठी, लेकिन झिझक के कारण बोल नहीं सकी। कुछ देर बाद एक बुज़ुर्ग आ गए। उन्होंने उस लड़के से ऊपर की सीट पर जाने की गुज़ारिश की, क्योंकि उनकी सीट ऊपर थी और वह ऊपर नहीं जा सकते थे। लड़के ने मुस्कुराते हुए उनकी बात मान ली और उनके लिए सीट ही नहीं छोड़ी बल्कि उनका बैग भी अच्छे से रखवा दिया। ऊपर जाकर फिर लेट गया। संयोग से पद्मिनी की सीट भी ऊपर थी। उत्सुकतावश ऊपर जाकर लेट गई। उससे जब रहा नहीं गया तो उसने बात शुरू करने के लिए उसे हेलो कहा और उसकी किताब माँगी। लड़के ने भी हेलो बोला और उसे अपनी किताब दे दी। उसने नोटिस किया कि उस लड़के ने उसकी तरफ़ ऐसी वैसी नज़र से नहीं देखा।

कुछ देर बाद बोली "काफ़ी इंटरेस्टिंग किताब है। लड़का सिर्फ़ मुस्कुरा कर रह गया। फिर पूछी "कहाँ जा रहे हैं?" लड़के ने जवाब दिया "छुट्टी में घर आया था। शिमला ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहा हूँ।" वह भी बोल पड़ी "मैं भी छुट्टी में घर आई थी और वहीं ड्यूटी ज्वाइन करने जा रही हूँ।" लड़का फिर मुस्कुरा दिया। यह लड़का और कोई नहीं, आदित्य ही था। उसके मन में भी अब धीरे-धीरे पद्मिनी के लिए उथल-पुथल मचने लगी थी। उसे भी पद्मिनी का स्वभाव बहुत पसंद आया था। रास्ते भर वे एक दूसरे का ख़्याल रखते रहे। एक दूसरे के बारे में ख़ूब बातें हुई। न जाने यह कैसा एहसास था जो उन दोनों को एक दूसरे के साथ जोड़ चुका था। पद्मिनी को वो इतना भा गया था कि उसे यहाँ तक लगने लगा था कि अगर उससे शादी हो गई तो उसके नसीब खुल जाएँगे। वह चाहे तो अपने माँ-पापा को साथ में रहने के लिए उसे मना सकती है। इस तरह उसे दोनों हाथों में लड्डू नज़र आने लगे। आदित्य भी सोच रहा था कि काश ऐसी लड़की मिलती तो मेरे पूरे परिवार से घुल-मिल जाती और हम सब के रिश्तों में कभी दूरी नहीं आती।

गाड़ी की रफ़्तार धीमी होने लगी थी। शिमला स्टेशन आने वाला था। दोनों उतरने के लिए तैयार हो गए। नीचे उतरने के बाद एक दूसरे को मुस्कुरा कर जी भर के देखा। फिर एक दूसरे को बाय बोल कर मुड़ गए। लेकिन उनके क़दम जैसे कोई खींच रहा था। चंद क़दम चल-चल कर रुक जाते और एक दूसरे को मुड़-मुड़ कर देखते। मन में एक दूसरे के लिए एहसास लिए हुए वह बोझिल मन से वहाँ से निकल गए।

दिन भर उनका मन काम में नहीं लगा। रात में पद्मिनी ने आदित्य को कॉल किया और अपने मन की बात बताई। आदित्य भी उतावला हो रहा था। उसने भी उससे कहा कि वह भी उसे बहुत पसंद आ गई है। उसके मन में भी उसके लिए एहसास जग चुके हैं। उसने कहा कि मैं अपनी फैमिली से तुम्हें मिलाना चाहता हूँ। पद्मिनी भी राज़ी हो गई और बोली कि मैं भी चाहती हूँ कि मेरी फैमिली से भी तुम मिल लो।

अगली छुट्टी में दोनों घर लौटने के बाद एक प्लान के तहत अपनी-अपनी फैमिली को पार्क में लेकर गए और अचानक से दोनों परिवारों को मिला दिया। लेकिन यह क्या, दोनों परिवार उन दोनों को देखकर ठहाके मार कर हँसने लगे। उन दोनों को कुछ समझ नहीं आया। दोनों ने एक साथ पूछा कि "क्या हुआ आप लोगों को? इतना हँस क्यों रहे हैं?" आदित्य के पापा ने हँसते हुए कहा "जो काम तुम दोनों के परिवार वाले मिलकर नहीं कर सके, वह काम तुम लोगों के दिल में जगे एहसासों ने कर दिया।" सच में आज यह रिश्ता जुड़ रहा था तो सिर्फ़ और सिर्फ़ एहसासों की वजह से।


रचनाकार : आशीष कुमार
लेखन तिथि : 15 अक्टूबर, 2022
            

रचनाएँ खोजें

रचनाएँ खोजने के लिए नीचे दी गई बॉक्स में हिन्दी में लिखें और "खोजें" बटन पर क्लिक करें