जय देश हिंद, जय देशेश हिंद
जय सुखमा-सुख नि:शेष हिंद
जय धन-वैभव-गुण खान हिंद
विद्या-बल-बद्धि निधान हिंद
जय चंद्र-चंद्रिका-विमल हिंद
जय विश्व वाटिका कमल हिंद
जय सत्य हिंद, जय धर्म हिंद
जय शुभाचरण, शुभ कर्म हिंद
जय मलय-मधुर-मारुती, हिंद
जय कुवलय-कल भारती, हिंद
जय जयति स्वर्ग-सोपान, हिंद
जय नगर ग्राम अभिराम हिंद
जय जयति-जयति सुखधाम हिंद
जय सरसिज-मधुकर-निकर हिंद
जय जयति हिमालय-शिखर हिंद
जय जयति विंध्य-कंदरा हिंद
जय मलय-मेरु-मंदरा हिंद
जय चित्रकूट कैलास हिंद
जय किन्नर-यक्ष-निवास हिंद
जय शैल-सुता सुरसरी हिंद
जय यमुना गोदावरी हिंद
जय आगम-पटु-पाटवी हिंद
जय दुर्गम विटपाटवी हिंद
जय उज्ज्वल कीर्ति-विशाल हिंद
जय करूणा-सिंधु कृपाल हिंद
जय जयति सदा स्वाधीन, हिंद
जय जयति-जयति प्राचीन, हिंद
साहित्य और संस्कृति को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता होती है। आपके द्वारा दिया गया छोटा-सा सहयोग भी बड़े बदलाव ला सकता है।
सहयोग कीजिएरचनाएँ खोजने के लिए नीचे दी गई बॉक्स में हिन्दी में लिखें और "खोजें" बटन पर क्लिक करें