कविता क्या है? (कविता)

कविता क्या है? समाज का एक दर्पण कविता,
मन में उद्वेलित हो रहे भावों का शाब्दिक अर्पण कविता।
साहित्य को समृद्ध करती हुई कवि के दिमाग़ का सृजन कविता,
समाज की कुरीतियों को झकझोरने का साधन कविता।

इंसान की कमज़ोरियों का लेखा जोखा कविता,
जीवन और मृत्यु के मध्य एक प्रश्न चिन्ह कविता।
जीवन से मृत्यु तक का एक संग्राम कविता,
कभी भावों को पुचकारती, कभी दिमाग़ को झंझोड़ती कविता।

कवि के सपनों का जीवंत रूप स्वरुप कविता,
कवि के भावों और अनुभवों का भंडार कविता।
समाज में घट रही घटनाओं का प्रतिमान कविता,
सच्चाई से रू-ब-रू कराने का अविचल माध्यम कविता।

वैचारिक आंदोलनों का प्रखर आग़ाज़ कविता,
भावों के समंदर में विद्रोह की सुनामी कविता।
धरती के सोए ज्वालामुखियों का विस्फोरण कविता,
ह्रदयों को एक सूत्र में जोड़ने वाली गठजोड़ कविता।

शब्द तो महज़ एक माध्यम हैं, भावों की सही संरचना है कविता,
प्रेमिका के दिल में प्रेम जगाए, ऐसा नेहा का गान कविता।
चाँद और चकोर की कथा सुनाए, ऐसा एक साज है कविता,
पल में पूरा ब्रह्मान्ड घुमा दे, ऐसा एक सोपान कविता।

रामायण की पूरी कथा कविता, कुरुक्षेत्र का युद्ध कविता,
वेदों के सारे मंत्र कविता, भगवत गीता के पाठ में कविता।
कबीर की साखी में कविता, रहीम के दोहों में कविता,
कवि के हर भाव में कविता, कवि की हर रचना है कविता।

कभी देशों को तोड़ती कविता, कभी देशों को जोड़ती कविता,
पिता का हर आशीर्वाद कविता, माँ का निश्छल प्यार कविता।
कभी झट रुलाती कविता, कभी हँसाती गुदगुदाती कविता,
कभी यह औरों से मिलाती, कभी ख़ुद से रू-ब-रू कराती यह कविता।


लेखन तिथि : 21 मार्च, 2022
यह पृष्ठ 203 बार देखा गया है
×

अगली रचना

होली आई रे


पिछली रचना

शहादत
कुछ संबंधित रचनाएँ


इनकी रचनाएँ पढ़िए

साहित्य और संस्कृति को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता होती है। आपके द्वारा दिया गया छोटा-सा सहयोग भी बड़े बदलाव ला सकता है।

            

रचनाएँ खोजें

रचनाएँ खोजने के लिए नीचे दी गई बॉक्स में हिन्दी में लिखें और "खोजें" बटन पर क्लिक करें